संस्कार युक्त शिक्षा देना डी.ए.वी की परंपरा : क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक |Two-day capacity building program started in MKDAV


एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटनगंज में सी.बी.एस.ई. पटना प्रक्षेत्र के निर्देशानुसार डी.ए.वी. प्रबंधकर्त्री समिति नई दिल्ली, के तत्वाधान में दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ| इस कार्यक्रम में 15 एवं 16 सितंबर को सभी विषयों के शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई है| इस कार्यक्रम का उद्घाटन 15 सितंबर को श्री दुर्गानंद झा क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक, सह जिला शिक्षा पदाधिकारी पलामू, ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ वेद मंत्रोचार के बीच दीप जलाकर किया|अपने उद्बोधन में श्री दुर्गानंद झा ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कार पूरे विश्व में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं| अतः हमें बच्चों को संस्कार युक्त शिक्षा देने की आवश्यकता है| आज इस देश में ‘ओल्ड एज होम’ की बढ़ती संख्या इसी गिरावट का परिणाम है| आज नवोन्मेष हो रहे हैं, जो शिक्षकों के लिए चुनौती हैं| किंतु हम निरंतर कौशलवृद्धि एवं अपने आप को अद्यतन रखते हुए इसका सामना कर सकते हैं| इसमे यह कार्यशाला आपकी मदद करेगी| उन्होंने कहा कि आज भारत तकनीकी रूप से सबल हो रहा है, जिसमें डी.ए.वी. संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान है| उन्होंने विद्यालय के भूमि दाता श्री सतवीर सिंह राजा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा दान को सभी दानों में उत्तम माना गया है| इसमें आपका योगदान सराहनीय है| मुख्य अतिथि महोदय को विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जी. एन. खान ने अन्य अतिथियों को साथ लेकर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया|

कार्यक्रम में पधारे विशिष्ट अतिथि श्री आशीष कुमार जेना, सहायक क्षेत्रीय अधिकारी बिहार जोन-एफ, सह प्राचार्य डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल औरंगाबाद ने अपने उद्बोधन में बताया कि मैंने डी.ए.वी. की सेवा झारखंड से ही शुरू की| उन्होंने पेरिस ओलंपिक की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें अधिकांश पदक विजेता डी.ए.वी. के छात्र रहे हैं| यह संस्था बच्चों को हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती है, किंतु हमारी पुरानी शिक्षण पद्धति में बदलाव का समय आ गया है| इसी हेतु ये कार्यशालाएं पूरे देश में आयोजित की जा रही है| आज शिक्षकों को मेंटर बनने का प्रयास करना होगा| आज सी.बी.एस.ई. एवं डी.ए.वी. सी.ए.ई. दोनों ही इस कार्य में लगे हुए हैं| उन्होंने मेजबान विद्यालय के प्राचार्य के प्रति आभार जताते हुए पुराने दिनों को याद किया| एमके डी.ए.वी. के प्राचार्य डॉक्टर जी. एन. खान ने उन्हें अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया|

इस अवसर पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल झारखंड क्षेत्र आई के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह एमके डी.ए.वी.  पब्लिक स्कूल डालटेनगंज के प्राचार्य डॉक्टर जी. एन. खान ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आगंतुक प्रशिक्षु इस कार्यशाला में नई शिक्षा तकनीकी एवं कौशल सीख कर जाएं, एवं इसे कक्षा-कक्ष तक ले जाएं, तो ही यह कार्यशालाओं की सार्थकता होगी| उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 में सभी शिक्षकों के लिए 50 घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य है| इसी हेतु 25 घंटे का इन-हाउस प्रशिक्षण इन कार्यशालाओं के माध्यम से दिया जाता है| नई शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों को कक्षा-कक्ष तक ले जाने वाले विद्यालयों में डी.ए.वी. संस्थाएं सबसे बड़ी गैर सरकारी संस्था है| इसके 965 विद्यालय, एक करोड़ विद्यार्थी और 60 लाख पूर्व छात्र राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान दे रहे हैं| 21वीं शदी का नायक बनने के लिए शिक्षा ही सच्चा शस्त्र है| इसमें 29 कौशल बताएं गए हैं, जिनमें दक्ष होकर हम विद्यार्थी का समुचित व सर्वांगीण विकास कर सकते हैं| उन्होंने मुख्य अतिथि की प्रशंसा करते हुए कहा कि महाशय डी.ए.वी. के प्रति सहयोग की भावना रखते हैं| डॉक्टर खान ने विद्यालय की प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष एवं भूमिदाता सरदार सतवीर सिंह राजा की प्रशंसा करते हुए बताया कि आप आगे भी कुछ भूमि देखकर विद्यालय के लिए ऑडिटोरियम एवं एक अन्य विद्यालय की स्थापना में सहयोग करने वाले हैं| कार्यशाला के बारे में बताते हुए डॉक्टर खान ने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों के आठ विद्यालयों से कुल 340 शिक्षक यहां दो दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे| उन्होंने लकड़हारे का उदाहरण देकर प्रशिक्षण के महत्व को स्पष्ट किया| 

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री जी. पी. झा. प्राचार्य डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल लोहरदगा ने किया| इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने विविधता में एकता पर आधारित भारत के विभिन्न प्रांतो के नृत्य प्रस्तुत किया| अतिथियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने हेतु विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स उपस्थित थे| इस अवसर पर एमके डी.ए.वी.  पब्लिक स्कूल डालटेनगंज की स्थानीय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष श्री सतवीर सिंह राजा, सदस्य डॉक्टर जयकुमार, श्री अश्लेष पांडे प्राचार्य रोटरी स्कूल सह सचिव पी.जी.एल. सहोदया, श्री पी. पी. गुप्ता पूर्व प्राचार्य जी.जी.पी.एस. सह उपाध्यक्ष पी.जी.एल. सहोदया, श्री राहुल सिंह प्राचार्य ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल सह सचिव आईटी सेल पी.जी.एल. सहोदया, श्री शतद्रु रॉय प्राचार्य एलिट पब्लिक स्कूल डालटेनगंज, श्री कैलाश कुमार प्राचार्य डी.ए.वी. खलारी, श्री राजेंद्र सचदेवा प्राचार्य भवनाथपुर, श्री आर.के. साहू प्राचार्य गुमला, श्री जी.के.सहाय प्राचार्य लातेहार, श्री ए. के. चौबे प्राचार्य गढ़वा, श्री सुजय कुमार मिश्रा प्राचार्य सिमडेगा, श्री अश्विन पात्रा शिक्षक प्रभारी डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल लोहरदग्गा उपस्थित थे| कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी करण एवं श्रीमती सुदेशना राय ने किया|

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने