अवैध शराब निर्माण भट्टियों पर चला बुलडोजर, 7 क्विंटल महुआ नष्ट |Joint operation of Jharkhand and Bihar police


झारखण्ड विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर, राज्य में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने के प्रयासों में पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में, आज दिनांक 04.09.24 को झारखण्ड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना और बिहार राज्य के टण्डवा थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार पलामू जिले की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देशानुसार, हरिहरगंज थाना प्रभारी, पु०नि० चन्दन कुमार के नेतृत्व में और पु०अ०नि० सतीश कुमार गुप्ता एवं स०अ०नि० मंटू कुमार की उपस्थिति में इस अभियान को अंजाम दिया गया। दूसरी ओर, बिहार के टण्डवा थाना क्षेत्र से पु०अ०नि० अमित कुमार और पु०अ०नि० आशुतोष कुमार ने अपनी टीम के साथ इस कार्रवाई में भाग लिया।
इस संयुक्त अभियान के दौरान, अवैध शराब निर्माण की आधा दर्जन से अधिक भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर ही लगभग 12 ड्रम जावा महुआ को नष्ट किया, जिसमें लगभग 6-7 क्विंटल महुआ शामिल था। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्रिय है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने